Home Crime टीका का टोटा, 6 महीने में यह तीसरी बार

टीका का टोटा, 6 महीने में यह तीसरी बार

50
0

मुंबई, मुंबई में एक बार फिर कोरोना वैक्सीन का टोटा हो गया है। महज 6 महीने में यह तीसरी बार है, जब वैक्सीन की कमी देखी गई है। शुक्रवार को राज्य सरकार से मिले वैक्सीन का स्टॉक सोमवार को लगभग सभी केंद्रों पर समाप्त था। इसके चलते कई लाभार्थियो को केंद्रों से बैरंग लौटना पड़ा।
बता दें कि वैक्सीन के अभाव के चलते गुरुवार को बीएमसी के सभी वैक्सीनेशन केंद्र बंद रहे थे। शुक्रवार तड़के राज्य सरकार से वैक्सीन के डेढ़ लाख डोज मिलने के बाद दोपहर 2 बजे से टीकाकरण सभी केंद्रों पर शुरू किया, लेकिन यह स्टॉक 3 दिन भी नहीं चल पाया। वैक्सीन के टोटे के चलते सोमवार को फिर से कई केंद्रों पर वैक्सीन खत्म होने के बोर्ड लगे दिखे। गोरेगांव के नेस्को वैक्सीन सेंटर में दूसरा डोज लेने गए उमा दत्त तिवारी को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सप्ताह का पहला दिन होने के चलते नेस्को सेंटर्स पर लाभार्थियों की काफी भीड़ थी।
केईएम सेंटर्स में कई लाभार्थियों को कतार लगाने के बाद भी वैक्सीन नहीं मिल पाई। संध्या भुवड (45) ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से दूसरे डोज के लिए आ रही हैं, लेकिन उन्हें बैरंग ही लौटना पड़ रहा है। उनका नंबर आते ही वैक्सीन समाप्त होने की बात कही जाती है। गोवंडी का शिवाजी नगर वैक्सीनेशन सेंटर भी सोमवार को सूना रहा। यहां सेंटर शुरू होने के कुछ घंटे बाद ही वैक्सीन समाप्त होने का बोर्ड लगा दिया गया।
विदेशों में पढ़ाई के लिए जाने वाले विद्यार्थियों को भी टीका लगवाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कूपर अस्पताल में टीका लेने के लिए पहुंचे कई विद्यार्थियों को खाली हाथ लौटना पड़ा। वैक्सीनेशन सेंटर की प्रभारी डॉ. शेनॉय ने बताया कि वैक्सीन का डोज सीमित था और विद्यार्थियों की संख्या अधिक, इसलिए कुछ को वापस लौटाना पड़ा।