Home Maharashtra मॉल्स, मल्टीप्लेक्स और रेस्टोरेंट खोलने की तैयारी शुरू, 50 फीसदी क्षमता के...

मॉल्स, मल्टीप्लेक्स और रेस्टोरेंट खोलने की तैयारी शुरू, 50 फीसदी क्षमता के साथ दी जाएगी इजाजत

227
0

महाराष्ट्र में भी कोरोना का कहर लगातार कम हो रहा है। इसके चलते राज्य में मॉल्स, मल्टीप्लेक्स और रेस्टोरेंट 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलने की तैयारी शुरू हो गई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने गुरुवार (29 जुलाई) को स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। साथ ही, कोविड-19 टास्क फोर्स के सदस्यों से भी चर्चा की। इस दौरान मुंबई समेत उन 25 जिलों में राहत देने को लेकर बातचीत की गई, जहां कोरोना की संक्रमण दर काफी कम हो चुकी है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि प्रतिबंध हटाने को लेकर कुछ दिन में आदेश जारी किया जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई लोकल ट्रेनों में आम लोगों के सफर करने को लेकर रेलवे अधिकारियों से सरकार जल्द चर्चा करेगी। दरअसल, ट्रेनों में उन्हीं लोगों को सफर की इजाजत देने की मांग की जा रही है, जो वैक्सीन की दोनों डोज लगवा चुके हैं। हालांकि, सरकार अन्य लोगों के लिए भी ट्रेनों की सर्विस शुरू करने पर विचार कर रही है। बताया जा रहा है कि यात्रियों के टीकाकरण प्रमाणपत्रों की जांच बड़ी चुनौती बन सकती है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में गुरुवार (29 जुलाई) को कोरोना वायरस संक्रमण के 7,242 नए मामले दर्ज किए गए। वहीं, 190 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। राज्य में संक्रमण के कुल मामले अब 6,290,156 हो चुके हैं और 132,335 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में इस वक्त 78,562 मामले सक्रिय हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में 190,182 सैंपल लिए गए। यहां पॉजिटिविटी रेट अब 3.8 फीसदी हो चुका है।