Home Crime परमबीर सिंह के तार हवाला कारोबारियों से जुड़े होने का खुलासा

परमबीर सिंह के तार हवाला कारोबारियों से जुड़े होने का खुलासा

42
0
मुंबई, हफ्तावसूली मामले में फरार चल रहे पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह के तार हवाला कारोबारियों से जुड़े होने का खुलासा जांच में हुआ है, जिसके बाद अब मुंबई पुलिस हवाला कारोबारियों से पूछताछ कर रही है। पिछले महीने लगभग दर्जनभर हवाला कारोबारियों से पूछताछ करने के बाद गुजरात के मेहसाणा से एक हवाला कारोबारी को गिरफ्तार किया गया है, जिससे पूछताछ में कई सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक इस पूछताछ में परमबीर के ही ‘हवाला वीर’ होने की जानकारी सामने आई है। बता दें कि हवाला कारोबारी की गिरफ्तारी बर्खास्त पुलिस निरीक्षक सुनील माने से पूछताछ के बाद हुई है।
मुंबई क्राइम ब्रांच ने बीती रात गुजरात के मेहसाणा से हवाला कारोबारी अल्पेश पटेल को गिरफ्तार किया है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने गोरेगांव के व्यापारी विमल जैन की शिकायत पर परमबीर सिंह के खिलाफ हफ्ता वसूली का मामला दर्ज किया था। इस मामले की जांच करते समय क्राइम ब्रांच ने सुनील माने से पूछताछ की थी। सूत्रों की मानें तो क्राइम ब्रांच को जांच के दौरान पता चला कि परमबीर सिंह द्वारा हवाला के माध्यम से पैसे लिए जा रहे थे। परमबीर के कहने पर ही गुजरात के मेहसाणा में रहनेवाले हवाला कारोबारी अल्पेश पटेल के माध्यम से पैसे लिए गए थे। तब से ही अल्पेश क्राइम ब्रांच के रडार पर था, जिसके बाद बुधवार रात क्राइम ब्रांच की टीम ने गुजरात से अल्पेश पटेल को गिरफ्तार कर लिया है।
क्राइम ब्रांच पीआई विनायक चव्हाण ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम ने गुजरात से अल्पेश पटेल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी हवाला कारोबारी है। क्राइम ब्रांच मुंबई के पूर्व कमिश्नर परमबीर सहित अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी रियाज भाटी की तलाश कर रही है। गोरेगांव पुलिस स्टेशन में बिजनेसमैन विमल अग्रवाल की शिकायत पर परमबीर सिंह, एंटीलिया कांड में गिरफ्तार सचिन वाझे, सुनील माने समेत रियाज भाटी भी एक आरोपी है। रियाज भाटी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का करीबी है।