Home Country टमाटर ने मारी सेंचुरी! खुले बाजार में हुआ १०० रुपए किलो

टमाटर ने मारी सेंचुरी! खुले बाजार में हुआ १०० रुपए किलो

54
0

नई मुंबई, हर घर की सब्जी में इस्तेमाल होनेवाला टमाटर ‘लाल’ हो गया है। इसके भाव आसमान पर पहुंच गए हैं और इसने सेंचुरी मार दी है। बाजार में टमाटर ने १०० रुपए किलो का आंकड़ा पार कर लिया है। इस महंगे टमाटर ने किचन का बजट बिगाड़ दिया है। महंगाई से बेजार आम आदमी की पहुंच से तो टमाटर बाहर निकल चुका है।
रसोई गैस सिलिंडर तो पहले से ही महंगा हो चुका है। इस बढ़ती हुई महंगाई की जिम्मेदार केंद्र सरकार पर अब गृहिणियां भी भड़क उठी हैं। र्इंधन की बढ़ती दर तथा भस्मासुर की तरह बढ़ती महंगाई को रोक पाने में असमर्थ केंद्र सरकार पर नागरिकों का गुस्सा फूटने लगा है। देखा जाए तो इन दिनों लाल टमाटर सेब के भाव में बिक रहा है। इससे घर में भोजन का स्वाद फीका पड़ने लगा है। नाराज महिलाओं का कहना है कि यही हाल रहा तो टमाटर किचन से गायब होते देर नहीं लगेगी। मिली जानकारी के अनुसार खुदरा बाजार में टमाटर इस वक्त ८० रुपए से १०० रुपए किलो तक बेचे जा रहे हैं। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष टमाटर दोगुने भाव से बिक रहे हैं। जहां तक फलों का सवाल है तो सेब १०० से १२० रुपए प्रति किलो बिक रहा है। हरा मटर पिछले वर्ष में ४० से ५० रुपए प्रति किलो बेचे जा रहे थे, वहीं इस वर्ष हरी मटर ८० से १५० रुपए प्रति किलो तक बिक रही है। ऐरोली की रहनेवाली गृहिणी अमृता मोहिते बढ़ती महंगाई से नाराज होकर कहती हैं कि केंद्र सरकार बढ़ती हुई महंगाई को रोक पाने में असमर्थ है, जिसका फल देश वासियों को भोगना पड़ रहा है। वहीं एक किसान ने बताया कि दक्षिण हिंदुस्थान में बेमौसम की बरसात ने टमाटर की फसल को बिगाड़ दिया जिससे टमाटर की फसल खेतों में ही सड़ गई।