Home Crime ओमायक्रॉन को लेकर राज्य सरकार सतर्क

ओमायक्रॉन को लेकर राज्य सरकार सतर्क

111
0

मुंबई, कोरोना के नए वैरिएंट ओमायक्रॉन को लेकर राज्य सरकार पहले से ही सतर्क है। इसी के तहत मुंबई के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मौजूदा सुविधाओं में और भी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। एक बयान में कहा गया है कि छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर १०० रैपिड पीसीआर सहित १०० रजिस्ट्रेशन काउंटर और ६० सैंपलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं।
मुंबई एयरपोर्ट ने भी रैपिड पीसीआर टेस्ट की दरों को संशोधित कर ४,५०० रुपए की जगह ३,९०० कर दिया है। इसके साथ ही ६०० रुपए की सामान्य आरटी-पीसीआर जांच भी यहां उपलब्ध कराई गई है। ऐसे में लोग टेस्टिंग के घटे हुए शुल्क का लाभ उठा सकेंगे।
यूनाइटेड किंगडम, दक्षिण अफ्रीका, बोत्सवाना, जिम्बाब्वे, ब्राजील, चीन, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, सिंगापुर, हांगकांग और इजराइल सहित यूरोप के कुछ जोखिम वाले देशों से आनेवाले यात्रियों को प्राथमिकता पर उतारा जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका, बोत्सवाना और जिम्बाब्वे से आनेवाले यात्री या महाराष्ट्र आने से पहले पिछले १५ दिनों में इन ३ देशों में से किसी का भी दौरा करनेवाले यात्रियों को मुंबई एयरपोर्ट में आरटी-पीसीआर टेस्ट कराने के बाद सात दिनों के लिए क्वॉरंटीन होना पड़ेगा, वहीं यात्रियों का सातवें दिन दूसरा आरटी-पीसीआर टेस्ट भी कराया जाएगा। यदि आरटी-पीसीआर टेस्ट में कोई संक्रमित पाया जाता है तो उसे कोविड सुविधाओं वाले अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। यदि सातवें दिन का टेस्ट निगेटिव आता है तो यात्री को और सात दिनों के लिए होम क्वॉरंटीन से गुजरना होगा।