Home Country यूक्रेन-रशिया युद्ध से भारत में बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम, महंगाई होगी बेलगाम

यूक्रेन-रशिया युद्ध से भारत में बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम, महंगाई होगी बेलगाम

96
0

यूक्रेन -रशिया युद्ध ने पूरे विश्व को अपनी आंच में खींच लिया है. इस युद्ध का अंजाम पूरी दुनिया को भुगतना होगा. इसका असर दुनिया के हर देश पर किसी ना किसी रूप में दिखाई देगा. दुनिया के कई देशों के नागरिक युद्धग्रस्त इलाकों में अटके हुए हैं. हर देश अपने नागरिकों को वहां से निकालने की कोशिश कर रहा है. इस युद्ध की वजह से दुनिया भर के देशों की अर्थव्यवस्था पर प्रभाव पड़ने वाला है. फिर चाहे वो भारत ही क्यों ना हो, जिसने अब तक तटस्थ रहने की नीति का पालन किया है. इस पूरे मुद्दे पर महाराष्ट्र बीजेपी के नेता और केंद्रीय मंत्री भागवत ने भी बड़ा बयान दिया है. अंतर्राष्ट्रीय मार्केट में पहले से ही पेट्रोल-डीजल के बढ़े हुए भाव ने भारतीयों की जेबों पर अच्छा-खासा बोझ डाला हुआ है. अब इसका भाव उन्होंने और भी ज्यादा तेजी से बढ़ने की आशंका जताई है.
इस वजह से इस युद्ध ने भारत के लिए एक बड़ी चिंता पैदा कर दी है. देश में फिलहाल महंगाई काफी बढ़ी हुई है. इसे कैसे कम किया जाए, इस पर विचार किया जा ही रहा था कि अचानक युद्ध ने महंगाई के संकट को और भी ज्यादा बढ़ा दिया. इस मुद्दे पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री भागवत कराड के बयान से यह साफ हो गया है कि आने वाले दिनों में आम आदमी की कमर महंगाई की वजह से टूटने वाली है. केंद्रीय मंत्री भागवत कराड से पत्रकारों ने जब यह पूछा कि भारत यूक्रेन-रशिया के युद्ध में तटस्थ भूमिका में है. ऐसे में इस युद्ध में क्या भारत में असर होगा? तो इस सवाल पर भागवत कराड ने साफ शब्दों में कहा, ‘यूक्रेन-रशिया युद्ध का भारत पर असर होगा. आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ेंगे.’