Home Crime बदलापुर में नाबालिग छात्राओं के यौन उत्पीड़न मामले में स्कूल के दो...

बदलापुर में नाबालिग छात्राओं के यौन उत्पीड़न मामले में स्कूल के दो ट्रस्टी फरार घोषित

10
0

बदलापुर : महाराष्ट्र के बदलापुर में नाबालिग स्कूली छात्राओं के यौन उत्पीड़न मामले में स्कूल के दो ट्रस्टियों को फरार घोषित कर दिया गया है। मामले की जांच कर रही एसआईटी ने यह फैसला लिया है। क्राइम ब्रांच और साइबर पुलिस की टीमें दोनों आरोपियों की तलाश कर रही हैं। ठाणे पुलिस के मुताबिक, एसआईटी ने उनके खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया था। उन्हें बयान दर्ज करने के लिए बुलाया था।
इससे पहले मामले में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। प्राथमिकी में कहा गया कि जब भी किसी अधिकारी को नाबालिगों के खिलाफ इस तरह के यौन उत्पीड़न के बारे में पता चलता है तो उसे आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना देना अनिवार्य है। इस केस में ऐसा नहीं किया गया, इस वजह एफआईआर की गई।
हाईकोर्ट ने लगाई थी फटकार
इससे पहले बॉम्बे हाईकोर्ट ने मामले में स्वतः संज्ञान लिया था। जस्टिस रेवती मोहिते डेरे और जस्टिस पृथ्वीराज चव्हाण की खंडपीठ ने मामले में सुनवाई करते हुए कहा था कि अब चार साल की मासूम बच्चियां भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्हें भी नहीं बख्शा जा रहा। यह कैसे हालात हैं। अगर स्कूल ही सुरक्षित नहीं हैं तो शिक्षा के अधिकार और बाकी चीजों का क्या मतलब। हाईकोर्ट ने मामले की जानकारी छिपाने के आरोप में स्कूल प्रशासन के खिलाफ पॉक्सो के तहत केस दर्ज करने को कहा था। कोर्ट ने सरकार से केस डायरी और प्राथमिकी की कॉपी भी मांगी थी।