Home Crime चरणबद्ध तरीके से संचारबंदी शिथिल की जाएगी

चरणबद्ध तरीके से संचारबंदी शिथिल की जाएगी

42
0

मुंबई, महाराष्ट्र सरकार द्वारा युद्धस्तर पर किए गए प्रयासों की वजह से राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या घट रही है। हालांकि राज्य के कुछ जिलों में अभी भी कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इसके अलावा राज्य में ब्लैक फंगस का खतरा बना हुआ है। ऐसे में जनता के स्वास्थ्य के हितों को ध्यान में रखते हुए कल हुई मंत्रिमंडल की बैठक में सहमति बनी है कि एक जून के बाद भी संचारबंदी जारी रखी जाएगी और फिर चरणबद्ध तरीके से संचारबंदी शिथिल की जाएगी। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इस परिप्रेक्ष्य में संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं।
राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या दिन-ब-दिन कम होती जा रही है, फिर भी १० से १५ जिलों में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। पिछले वर्ष सितंबर महीने में मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा थी। वर्तमान में राज्य में मरीजों की संख्या कम होकर सितंबर महीने के आंकड़े तक पहुंची है। अभी और सतर्कता बरतनी होगी। एकदम से संचारबंदी न हटाकर इसे एक जून के बाद भी आगे बढ़ाया जाएगा। फिर धीरे-धीरे जरूरी सेवाओं से पाबंदियां हटाई जाएंगी। इस पर कल मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा हुई।
टास्क फोर्स से चर्चा के बाद होगा निर्णय
स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि मुंबई में भले ही कोरोना मरीजों की संख्या घट रही है लेकिन राज्य के ग्रामीण अंचलों में मरीज बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए संचारबंदी एकाएक नहीं हटाई जाएगी। जिन जिलों में मरीजों की संख्या कम है, वहां पाबंदियां हटाने के लिए कोरोना टास्क फोर्स से चर्चा करने के बाद निर्णय लिया जाएगा।