Home Maharashtra इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ी डिमांड, ६ नए चार्जर पॉइंट का प्रस्ताव

इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ी डिमांड, ६ नए चार्जर पॉइंट का प्रस्ताव

39
0

मुंबई, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में प्रदूषण की वृद्धि के लिए पेट्रोलियम र्इंधन पर आधारित वाहनों के संचालन को अधिक जिम्मेदार माना जा रहा है। इसीलिए अब पेट्रोल, डीजल आदि पर चलनेवाले वाहनों की बजाय इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इलेक्ट्रिक वाहनों से प्रदूषण शून्य होता है। राज्य सरकार ने इसी वजह से ईवी पॉलिसी को अस्तित्व में लाया है। प्रदूषण कंट्रोल करने के लिए राज्य के पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे ने ईवी पॉलिसी को पूरे जोर से लागू किया है। उनके अनुसार अगले १० वर्षों में मुंबई मनपा में सभी वाहन इलेक्ट्रिक से चलेंगे। इसी को लेकर मुंबई के कोहिनूर पार्किंग प्लाजा में पहला चार्जिंग पॉइंट शुरू किया गया। अब लोगों का रुझान देखते हुए मनपा ने मुंबई में ६ नए चार्जिंग पॉइंट शुरू करने का प्रस्ताव बनाया है, इसे स्टैंडिंग कमेटी के सामने पेश किया गया है। बुधवार को स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में इस पर निर्णय होगा।
प्रस्ताव के अनुसार मनपा के अधिकारियों के लिए अब इलेक्ट्रिक वाहन खरीदे जा रहे हैं। पहले चरण में लगभग ६ वाहन खरीदे गए। अब और लगभग दो दर्जन वाहन खरीदे जाएंगे। इसके अलावा मुंबई में कई निजी कंपनियां भी इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीदी कर रही हैं। इन इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मनपा ने दोनों उपनगर सहित मुंबई शहर में कुल ६ चार्जिंग पॉइंट बनाएगी। शहर में एंबुलेंस पार्किंग, पूर्वी उपनगर में पंतनगर पार्किंग, पश्चिम उपनगर के सांताक्रुज पार्किंग, मनपा मुख्यालय में इसके अतिरिक्त जहां जरूरत होगी, ऐसी कुल ६ जगहों पर ये चार्जर पॉइंट बनाए जाएंगे, जहां लोग आसानी से अपनी गाड़ियों को चार्ज कर सकेंगे।
मनपा के के पास फिलहाल ८५० गाड़ियां हैं, इनमें से १७१ गाड़ियां अधिकारियों एवं वीआईपी लोगों के लिए चलती हैं। इनकी जगह अब ज्यादातर गाडियों को इलेक्ट्रिक किया जा रहा है। पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे की अगुवाई में मनपा में इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीदी का सिलसिला शुरू किया गया। अब धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक वाहनों का काफिला बढ़ता जा रहा है।